गृहस्थी की पंच परमेश्वर (भाग 1) – डॉ.पारुल अग्रवाल : Moral Stories in Hindi

Moral Stories in Hindi : आदित्य का वकालत के क्षेत्र में बहुत ही प्रसिद्ध नाम था। वैसे तो उसकी उम्र बहुत ज्यादा ना थी पर उसने बहुत ही कम समय में अपनी पहचान बना ली थी। ये माना जाता था कि वो जिस पक्ष के केस को अपने हाथ में ले लेता है वो अवश्य ही जीतता है। आज उसके पास एक ऐसा केस आया जिसमें वो लोग उसको मुंहमांगी धनराशि लेने को तैयार थे। केस लड़का लड़की के संबंध विच्छेद मतलब तलाक़ का था।

लड़की वालों की तरफ से लड़के के घर वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे और साथ ही साथ तलाक़ के बाद एक बड़ी धनराशि की मांग भी की थी। वो लड़के और उसके घरवालों को सलाखों के पीछे देखना चाहते थे। लड़की के पिता शहर के बहुत बड़े नेता भी थे। आदित्य ने उनकी पूरी बात सुनी। जैसे ही वो बात करके निकले उसके थोड़ी देर बाद ही जिस लड़के से साथ तलाक़ की बात चल रही थी उसने आदित्य का फोन नंबर पता करके उससे एक बार बात करने का अनुनय किया।

वैसे तो आदित्य इस तरह किसी से मिलना नहीं चाहता था पर उसकी आवाज़ में इतना दर्द था कि वो उसका मना नहीं कर पाया। आदित्य ने उसको मिलने का समय दे दिया। जब वो लड़का आदित्य से मिलने पहुंचा तब हताशा उसके चेहरे से ही झलक रही थी। उसने आदित्य से बस इतना कहा कि माना लड़कियों के साथ कई बार शादी के बाद बहुत बुरा होता है पर हर बार ऐसा नहीं होता कई बार लड़के भी घरेलू हिंसा का शिकार होते हैं जिनकी कई सुनवाई भी नहीं होती।

उसने ये भी कहा कि इस तरह की घटनाओं में हमेशा सहानभूति लड़की की तरफ होती है वो ये भी नहीं चाहता कि आदित्य लड़की वालों की तरफ से ना लड़कर उसकी तरफ से केस लड़े क्योंकि इतनी फीस वो नहीं दे पाएगा। वो सिर्फ इतना चाहता है कि उसकी पत्नी जितनी धनराशि मांग रही है उसमें कमी कर दी जाए क्योंकि अभी उसकी एक छोटी बहन अविवाहित है जिसकी शादी होनी है। साथ ही साथ अगर पत्नी को प्रताड़ित करने का गुनाह सिद्ध भी होता है तो केवल उसको जेल हो उसके माता पिता को नहीं क्योंकि वो इस उम्र में ये सब सहन नहीं कर पाएंगे। आदित्य को उस लड़के की बात में सच्चाई झलक रही थी। उसने लड़के को अभी तो सिर्फ सांत्वना देकर भेज दिया। 

उस लड़के की बातों ने आदित्य के मन में उथल-पुथल मचा दी क्योंकि ऐसा ही कुछ उसने झेला था। अब उसका अपने चैंबर में बिल्कुल मन नहीं लग रहा था इसलिए वो जल्दी ही घर चला गया। घर आकर उसने अपने नौकर सोम को एक कप कॉफी के लिए बोला और अपने कमरे में आ गया। 

अब उसका मन भटकने लगा अतीत की गलियों में।उसको याद आ गया वो सब कुछ जिसको झेलने के बाद वो जीता जागता रोबोट हो गया था। असल में आदित्य बहुत ही हैंडसम, पढ़ाई लिखाई में अच्छा और सबका दिल जीतने वाला लड़का था। आईआईटी से इंजीनियरिंग के बाद उसकी बड़ी प्रतिष्ठित कम्प्यूटर कंपनी में नौकरी लग गई थी।अब जैसा कि हमारे भारतीय समाज में होता है बेटे के नौकरी लगते ही माता-पिता को घर में बहु लाने का अरमान होता है।

ऐसा ही चाव आदित्य के माता पिता को था। उन्होंने आदित्य से उसकी पसंद भी कई बार पूछी पर आदित्य को अपने माता-पिता की पसंद पर पूरा भरोसा था।अतः लड़की चुनने की ज़िम्मा उसके माता पिता पर ही था। अब बहुत सारे रिश्तों में उन्हें एक लड़की शोभा पसंद आई, ये रिश्ता किसी रिश्तेदार के द्वारा आया था।

लड़की की तस्वीर देखने के बाद और उसके घर वालों से फोन पर बात करने के बाद उन्होंने इस रिश्ते को आगे बढ़ाने की सोची। सब सही लग रहा था पर शोभा के सपना तो किसी अमीर व्यवसायिक परिवार की बहु बनने का था। उसको ये भी लगता था कि शादी के बाद वो अपने पति के साथ अकेले रहेगी उसको किसी की भी दखलंदाजी पसंद नहीं थी।वैसे भी वो जिद्दी किस्म की, काफी गुस्सैल और नकचढ़ी थी। घर वाले भी उसकी आदत से भली भांति परिचित थे।

आदित्य के परिवार के लोग तो वैसे ही बहुत सीधे-साधे थे तो उनको लगा कि उनकी तेज़तर्रार बेटी के लिए यही रिश्ता उपयुक्त रहेगा। शोभा के नानुकुर करने पर शोभा के माता पिता ने उसको ये कहकर समझाया कि एक बार रिश्ता और शादी होने पर अगर वो आदित्य को अपने वश में कर लेगी तो वो जैसा चाहेगी वही होगा।

बस यही सब अपने दिमाग में लेकर शोभा आदित्य से शादी के लिए तैयार हो गई। शादी होने तक कोई भी,यहां तक आदित्य भी शोभा के व्यवहार से उसके भविष्य के घर तोड़ने वाली योजना को नहीं समझ पाया। शादी हो गई,शादी के बाद कुछ दिन सब ठीक चला पर धीरे धीरे शोभा ने अपने रंग दिखाने शुरू किए। वो घर के कोई काम नहीं करती थी यहां तक की उसकी कोशिश आदित्य को घर वालों के खिलाफ भड़काने की होती।

आदित्य की मां सीधी साधी थी वो शोभा से अगर किसी काम को कहती तो वो उल्टे जवाब देकर उनको चुप करा देती। बेटे की नई गृहस्थी है ये सोचकर आदित्य के माता-पिता अपना दर्द दिल में छुपाकर आदित्य के सामने सामान्य बने रहते। पर बातें कितने दिन तक छुप सकती थी। एक दिन आदित्य की माताजी चक्कर खाकर गिर गई और उस दिन शोभा का अपनी दोस्तों के साथ बाहर जाने का कार्यक्रम था। आदित्य भी ऑफिस के काम से बाहर था।

माताजी को गिरने के बाद काफ़ी चोट लगी थी उनके हाथ में भी फ्रैक्चर हो गया था पर शोभा आज भी घर में रुकने को तैयार नहीं थी। उसके ससुर ने भी बहुत अनुनय किया पर उसके लिए इन सबसे ज्यादा दोस्तों के साथ घूमना था। शाम को आदित्य के आने पर भी शोभा घर नहीं पहुंची थी। वो अपना मस्ती करके घर पहुंची तब तक आदित्य ने उसको थोड़ा समझाने की कोशिश की पर उसने उल्टा आदित्य से ही झगड़ना शुरू कर दिया और अपना सामान पैक करके अपने मायके चली गई। 

अब आदित्य के लिए बहुत कठिन समय था एक तरफ आदित्य की माता जी के हाथ में फ्रैक्चर,पिता की भी तबीयत भी खराब ऊपर से आदित्य की नौकरी। उसने थोड़े दिन की छुट्टी ली और शोभा को भी फोन किया। शोभा ने उससे कुछ बात भी नहीं की बल्कि पुलिस थाने में ही जाकर आदित्य के माता पिता के खिलाफ प्रताड़ना का केस कर दिया।पुलिस घर आई। पूरे मोहल्ले के सामने बहुत किरकिरी हुई।आदित्य ने अपनी तरफ से शोभा से फिर बात करने की कोशिश की, वो किसी भी तरह अपने घर को बिखरने से बचाना चाहता था। 

उधर शोभा कभी झूठी रिपोर्ट और वकील के नोटिस से आदित्य की जिंदगी को बरबाद करने पर तुली थी।अब उसने ये कहलवाया कि वो आदित्य के साथ रहने को तैयार है अगर वो अपने माता-पिता को छोड़ देता है। ये बात आदित्य के लिए बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं थी।उसने इस बात को नकार दिया। इससे शोभा और भी चिढ़ गई। उसके माता-पिता भी उसको ना समझाकर आदित्य में ही कमी निकाल रहे थे। नौबत तलाक तो पहुंच ही चुकी थी।

इसी तरह कोर्ट कचहरी के चक्कर में काफ़ी समय बीत गया था। थकहार कर आदित्य ने शोभा को वकील के द्वारा कोर्ट के बाहर आपसी सहमति से तलाक के संदेश भिजवाया। शोभा को तो यही चाहिए था, उसको आदित्य से कोई दिली लगाव तो था नहीं। उसने एक बड़ी रकम उस तलाक के बदले में मांगी। आदित्य ने भी अपने माता-पिता की स्थिति देखते हुए अपनी जमा पूंजी शोभा को देते हुए उससे पीछा छुड़ाया। 

आदित्य पूरी तरह टूट चुका था उसको समझ नहीं आ रहा था कि शोभा ने उससे किस जन्म का बदला लिया है। आदित्य के माता-पिता भी बेटे के गम में घुलते हुए और उसके लिए सही लड़की का चुनाव ना कर पाने के लिए खुद को ज़िम्मेदार मानते हुए एक-एक करके स्वर्ग सिधार गए। पिछले दो सालों में आदित्य की दुनिया ही बदल गई।

जो घर सबके हंसी के ठहाके से गूंजता था वो आज वीरान हो गया था। ज़िंदगी के इतने भयावह पलों की उसने परिकल्पना भी नहीं की थी। इन सबसे घबराकर वो अपने शहर को छोड़कर कंपनी के दूसरे ऑफिस में चला गया। साथ साथ उसने कानून की भी पढ़ाई शुरू कर दी थी।

जगह तो बदल गई थी पर अब उसके दिल में लडकियों और स्त्रियों के लिए पूरी तरह कड़वाहट आ गई थी। ऑफिस में भी वो सबसे दूर रहता। इसी ऑफिस में परिधि काम करती थी। सबसे हंसती-बोलती हर किसी की मदद के लिए तैयार। उसने आदित्य से भी बात करने की कोशिश की पर आदित्य को तो अब सब लड़कियों में त्रिया चरित्र ही नज़र आता था। एक दिन ऐसे ही कम्पनी का कोई प्रोजेक्ट को लेकर कोई बड़ी समस्या आ गई।

जिन लोगों को सौंपना था उन्होंने उसमें ऐसी कमियां बताई कि वो प्रोजेक्ट हाथ से जा सकता था। उन्होंने समस्या निराकरण के लिए सिर्फ 2 घंटे का समय दिया। उस दिन आदित्य थोड़ा देर से आने वाला था क्योंकि उसकी कानून की परीक्षा थी। जहां समस्या आ रही थी वो भाग आदित्य ने ही किया था। प्रबंधन समिति काफी तनाव में थी। तब परिधि ने ही आदित्य के आने से पहले समस्या को दूर करके समय से पहले उस प्रॉजेक्ट को उपभोक्ता को सौंप दिया था। 

अब प्रबंधन समिति ने आदित्य के साथ परिधि को भी उस प्रॉजेक्ट में बड़ी भूमिका दे दी थी। हालांकि परिधि ने ऐसा कुछ सोचकर ये नहीं किया था। जब आदित्य ऑफिस पहुंचा तो उसे सारी बात तो पता नहीं थी पर प्रबंधन समिति ने जब उसको परिधि के साथ काम करने के लिए सूचित किया, तब वो अपने गुस्से पर नियंत्रण नहीं रख पाया।

उसने बाहर आकर परिधि को सबके सामने बहुत कुछ उल्टा सीधा सुना दिया। उसने यहां तक कह दिया कि वो लड़कियों की मानसिकता को बहुत अच्छी तरह से जानता है क्योंकि उनको सिर्फ अपनी शक्ल और अदाएं दिखाकर दूसरों से काम निकलवाना आता है। उसने प्रोजेक्ट में अपनी भूमिका भी ऐसे ही उल्टे-सीधे हथकंडों को अपनाकर सुनिश्चित की है। परिधि तो कुछ कह ही नहीं पाई और बस किसी तरह अपने आंसुओं को छिपाकर वहां से निकल आई।

 अगले दो दिन जब परिधि ऑफिस नहीं आई और तब तक आदित्य को सारी बात भी पता चल चुकी थी। आदित्य को अपनी गलती का एहसास हुआ और वो परिधि के ऑफिस ना आने से थोड़ा परेशान हुआ।फिर उसने ऑफिस से परिधि का पता लिया और उसके घर पहुंच गया। वहां पर वो नहीं थी। मकान मालिक से पता चला कि वो हॉस्पिटल में है।

उनसे ही पता चला कि परिधि के माता पिता नहीं है,सिर्फ बड़ा भाई है,वो भी मानसिक रूप से असंतुलित है। उसको थैलेसीमिया जैसी दुर्लभ बीमारी भी थी जिसमें हर महीने उसके शरीर में रक्त चढ़ाया जाता था। छोटी होने के बाबजूद परिधि ही उसको संभालती थी और तो और स्वाभिमानी भी इतनी थी कि किसी से कोई मदद नहीं लेती थी। 

ये सब सुनकर आदित्य के दिल में उसके लिए काफ़ी इज्ज़त बढ़ गई। उसे अपनी कही बातों का बहुत अफसोस था। वो हॉस्पिटल पहुंचा और वहां पहुंचकर उसने परिधि से माफी मांगी। इस तरह उनकी दोस्ती शुरू हुई। अब धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे के करीब आ गए। परिधि भी आदित्य के बारे में सब कुछ जान गई थी। परिधि के प्यार ने बहुत हद तक आदित्य के मन से स्त्रियों के प्रति उपजी घृणा को कम कर दिया था। साथ ही साथ इधर उसकी वकालत भी पूरी हो गई थी।

अब आदित्य ने नौकरी छोड़कर वकालत करनी शुरू की जहां उसका मकसद सच्चे लोगों को न्याय दिलवाना था,उसकी किस्मत ने भी साथ दिया। आदित्य ने जितने भी मुकदमें लड़ें उनमें वो हमेशा जीता। कई बार वो कुछ नहीं सोच पाता तब परिधि भी अपने सुझावों द्वारा उसकी मदद करती। वो सही मायने में आदित्य की बर्फ जैसी जिंदगी में ऊष्मा बन कर आई थी।एक दिन आदित्य ने परिधि को शादी के लिए पूछा और खुशी खुशी वो प्यारे से बंधन में बंध गए। पिछली घटनाओं की स्याह अतीत पर परिधि ने अपने प्यार की रोशनी डाल दी थी। आदित्य को यकीन भी नहीं थी कि उसकी जिंदगी में परिधि के रूप में प्यार की वापसी भी हो सकती है। अभी वो ये सब सोच ही रहा था कि उसके मोबाइल की घंटी बजी।

फोन परिधि का ही था जो उन दोनों के जुड़वा बच्चों के साथ अपने रिश्तेदार के यहां विवाह में सम्मिलित होने दो दिन के लिए गई हुई थी। परिधि को आज आदित्य की आवाज़ थकी थकी सी लगी उसने आदित्य से हल्की फुल्की बात के बाद पूछा कि आज कोई नया केस आया था क्या? आदित्य ने आश्चर्य से पूछा कि तुम्हें कैसे पता तब परिधि ने हंसते हुए कहा कि जिसका पति इतना बड़ा वकील हो तो आवाज़ से कुछ राज़ पहचानने का हुनर तो वो भी रखती है।

तब आदित्य ने उसे आज आए केस के विषय में बताया,परिधि ने आदित्य का हाल समझते हुए कहा कि कई बार हमें दिमाग के साथ साथ दिल की भी सुननी चाहिए। आपको एक बार उस लड़के के विषय में थोड़ी सी जानकारी पता लगानी चाहिए। अगर वो लड़का ठीक कह रहा हो तो फीस की चिंता ना करते हुए उस लड़के की तरफ से केस लड़ना चाहिए। 

परिधि की बातों ने आदित्य को काफ़ी सहारा दिया था। अब आदित्य को नई दिशा मिल गई थी। उसने हंसते हुए परिधि को कहा कि दुनिया की नज़र में मैं कितना भी बड़ा वकील क्यों ना बन जाऊं पर मेरी सुखी गृहस्थी की पंच परमेश्वर तो तुम ही रहोगी। वैसे भी जिसकी जिंदगी तुम जैसी पत्नी हो उसे कोई समस्या हो सकती है भला। शादी का घर था पीछे से किसी ने तू मेरी जिंदगी है, तू मेरी हर खुशी है गाना भी चला दिया था।

दोस्तों कैसी लगी मेरी कहानी,अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें। इस कहानी के द्वारा एक बात कहना चाहती हूं कि अत्याचार सिर्फ स्त्री के साथ नहीं होता,कई बार पुरुष भी इसका शिकार बनते हैं और कानूनी कार्रवाई की लंबी प्रक्रिया भी झेलते हैं। ये इक्कीसवी सदी है,हम लोगों को निष्पक्ष होकर सभी बातों को देखना चाहिए। पुरुष भी घरेलू हिंसा का शिकार हो सकते हैं। साथ ही साथ एक स्त्री अगर गलत मानसिकता की है तो बाकी वैसी ही हों ये आवश्यक नहीं है, ऐसे ही अगर कोई पुरुष बुरा है तो सारे पुरुष बुरे नहीं हो सकते।

स्वरचित और मौलिक 

डॉ.पारुल अग्रवाल,

नोएडा

Leave a Comment

error: Content is Copyright protected !!